हिन्दुस्तानी एकेडेमी में जन सूचना अधिकार का सम्मान

जनसूचना अधिकारी श्री इंद्रजीत विश्वकर्मा, कोषाध्यक्ष, हिन्दुस्तानी एकेडेमी,इलाहाबाद व मुख्य कोषाधिकारी, इलाहाबाद। आवास-स्ट्रेची रोड, सिविल लाइन्स, इलाहाबाद कार्यालय-१२ डी,कमलानेहरू मार्ग, इलाहाबाद
प्रथम अपीलीय अधिकारी श्री प्रदीप कुमार्, सचिव,हिन्दुस्तानी एकेडेमी, इलाहाबाद व अपर जिलाधिकारी(नगर्), इलाहाबाद। आवास-कलेक्ट्रेट, इलाहाबाद कार्यालय-१२डी, कमलानेहरू मार्ग, इलाहाबाद
दूरभाष कार्यालय - (०५३२)- २४०७६२५
परम्परा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
परम्परा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, 26 सितंबर 2009

हिन्दी चिठ्ठों की किताब के लिए अपनी चुनिन्दा पोस्ट भेंजिए...।

हिन्दी ब्लॉगिंग की दुनिया में अनेक प्रतिष्ठित लेखक और साहित्यकार अपनी रचनाएं अन्तर्जाल पर प्रकाशित कर रहे हैं लेकिन उससे कहीं बड़ी संख्या ऐसे ब्लॉगलेखकों की है जिन्होंने अपनी रचनाधर्मिता के नैसर्गिक प्रवाह को यूँ ही निसृत होने दिया है। अपनी मस्ती में डूबे हुए ये अनूठे चिठेरे इस चक्कर में ही नहीं पड़ते कि उनका लिखा हुआ साहित्य की कोटि में रखा जाता है कि नहीं। बहुत से ब्लॉग लेखक ऐसे भी हैं जो अपनी पोस्टों के माध्यम से समाज, संस्कृति, राजनीति, घर-परिवार, विज्ञान, इतिहास, भूगोल आदि के विषयों पर ज्ञान का असीमित भण्डार उड़ेल रहे हैं। यह सब कुछ हिन्दी ब्लॉग समुच्चय को एक क्लाइडोस्कोप का रुप व गुण देता है।

हिन्दुस्तानी एकेडेमी की स्थापना हिन्दुस्तानी (हिन्दी और उर्दू) भाषा को विकास की सीढ़ियों पर ले जाने वाले सभी सार्थक प्रयासों को एक ऐसा मंच देने के उद्देश्य से हुई थी जहाँ मौलिक प्रतिभाओं को अपनी रचनाधर्मिता को प्रकाशित कराने का अवसर मिले और विद्वानों-मनीषियों के शोधपरक कार्यों को सामान्य विद्यार्थियों, अध्येताओं और साहित्यानुरागियों के उपयोग हेतु सहज ढंग से उपलब्ध कराया जा सके। इन उद्देश्यों की पुर्ति के लिए एकेडेमी द्वारा करीब डेढ़ सौ अमूल्य पुस्तकों का प्रकाशन किया गया है और साहित्यिक गोष्ठियों, व्याख्यान मालाओं, सेमिनार और प्रतिभा सम्मान समारोहों का आयोजन अनवरत किया जाता रहा है।

अपनी इसी उत्कृष्ट परम्परा के निर्वहन के क्रम में हिन्दुस्तानी एकेडेमी द्वारा महात्मा गांधी अन्तरराष्ट्रीय हिन्दी विश्वविद्यालय, वर्धा के सौजन्य से हिन्दी ब्लॉगिंग के सम्बन्ध में एक राष्ट्रीय स्तर के सेमिनार का आयोजन आगामी २३-२४ अक्टूबर, २००९ को किया जा रहा है। इस अवसर पर देश भर से अनेक चिठ्ठाकारों को आमन्त्रित कर अभिव्यक्ति के इस नये माध्यम के इतिहास, स्वरूप और प्रमुख प्रवृत्तियों पर दो दिवसीय चर्चा की जाएगी। इस अवसर पर पारम्परिक साहित्य जगत के अनेक प्रतिष्ठित विद्वान भी प्रतिभागी होंगे।
image

इस अवसर पर एकेडेमी द्वारा एक पुस्तक का प्रकाशन कर उसके तत्समय लोकार्पण का निर्णय भी लिया गया है जिसमें लगभग पचास चिठ्ठाकारों की चुनी हुई एक-एक ब्लॉग पोस्टों को सम्मिलित कर एक प्रतिनिधि संकलन तैयार किया जाएगा। इसके लिए हिन्दी ब्लॉगर्स से प्रविष्टियाँ आमन्त्रित की जाती हैं। एक ब्लॉगर से केवल एक प्रविष्टि ही स्वीकार की जाएगी। हिन्दुस्तानी एकेडेमी द्वारा गठित सम्पादक मण्डल प्रविष्टियों के चयन पर विचार करेगा जिसकी संस्तुतियों के आधार पर पुस्तक का अन्तिम रूप निर्धारित किया जाएगा। एकेडेमी के ई-मेल पते (hindustaniacademy@gmail.com) पर अपनी प्रविष्टियाँ दिनांक ५.१०.२००९ की मध्यरात्रि तक अवश्य प्रेषित कर दें।

चिठ्ठाकार मित्रों द्वारा पुस्तक के शीर्षक व आवरण पृष्ठ के सम्बन्ध में यदि कोई सुझाव दिया जाता है तो उसका भी स्वागत है। यह पुस्तक हिन्दी ब्लॉग जगत की ओर से प्रिन्ट माध्यम के लिए एक अनुपम भेंट हो, यही हमारी आकांक्षा है।

सचिव - हिन्दुस्तानी एकेडेमी

गुरुवार, 27 अगस्त 2009

अभिनन्दन, विमोचन के बहाने गुरु-महिमा पर चर्चा...

हिन्दुस्तानी एकेडेमी के तत्त्वावधान में गत शनिवार को एकेडेमी सभागार में संस्कृत भाषा और साहित्य के प्रख्यात विद्वान, शिक्षक एवं राष्ट्रपति सम्मान से सुशोभित प्रो०सुरेश चन्द्र पाण्डे का अभिनन्दन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व कुलपति व प्रतिष्ठित मनीषी प्रो०गोविन्द चन्द्र पान्डेय ने की। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व कुलपति प्रो० के०बी० पाण्डेय समारोह के मुख्य अतिथि रहे।  दीप प्रज्ज्वालन के बाद डॉ. दिवाकर दीक्षित एवं उनके शिष्यों ने वैदिक मंगलाचरण से कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। लौकिक मंगलाचरण सुश्री स्मृति शुक्ला ने प्रस्तुत किया जो बहुत सराहा गया।। सचिव डॉ एस०के० पाण्डेय ने अतिथियों का स्वागत करते हुए अपने गुरू प्रो.सुरेश चन्द्र पाण्डेय जी की महनीय कर्तव्यपरायणता और सच्चे गुरूत्व की चर्चा की तथा लिखित अभिनन्दन पत्र का वाचन कर प्रो०सुरेश चन्द्र पाण्डे को सम्मान स्वरूप अंगवस्त्र, नारियल तथा देवी सरस्वती की प्रतिमा के साथ समर्पित किया। इस अवसर पर प्रो०हरिदत्त शर्मा, प्रो०मृदुला त्रिपाठी, डॉ. गिरिजा शंकर शास्त्री, डॉ. राम मुनि पाण्डेय, श्री राजा राम उपाध्याय, डॉ मृदुला जायसवाल आदि ने प्रो०सुरेश चन्द्र पाण्डे का वाचिक अभिनन्दन करते हुए अपने उद्‌गार व्यक्त किये।



इस समारोह में एकेडेमी से प्रकाशित निम्न चार पुस्तकों का लोकार्पण किया गया।



1. साहित्य-शेवधि’ (प्रो०सुरेश चन्द्र पाण्डे अभिनन्दन ग्रन्थ) प्रधान सम्पादक - डॉ एस०के०पाण्डेय, मूल्य:३००/- पृष्ठ: ४३४

साहित्य-शेवधि 

 

2. राजतरंगिणी और कश्मीर नरेश’ – डॉ. उमेश कुमार मिश्र मूल्य:११०/- पृष्ठ: १५२ राजतरंगिणी और कश्मीर नरेश

 

3. चन्द्रालोक परिशीलन - डॉ स्मिता अग्रवाल मूल्य:२५०/- पृष्ठ: ३४०

चन्द्रालोक परिशीलन

 

4. नलविलास परिशीलन - डॉ अरुण कुमार त्रिपाठी मूल्य:२२५/- पृष्ठ: २४४
नल-विलास परिशीलन

 

साहित्य शेवधि नामक अभिनन्दन ग्रन्थ में वस्तुतः प्रो. पाण्डेय के व्यक्तित्व के बारे में बहुत कम आलेख लिखे गये हैं (स्वयं गुरू जी ने अपने शिष्यों को मना कर दिया था।) इसमें संस्कृत और हिन्दी भाषा व साहित्य से जुड़े अनेक विद्वानों द्वारा विविध वि्षयों पर लिखित उत्कृष्ट कोटि के लगभग अस्सी लेख संकलित किये गये हैं। इन लेखकों में तीस प्रोफ़ेसर हैं और उन्चास शोध-उपाधि से सम्पन्न लेक्चरर और रीडर हैं। अनेक लेखक विभिन्न विश्वविद्यालयों में कुलपति व विभागाध्यक्ष जैसे उच्च पदों पर आसीन हैं, या रहे हैं। गुरु-महिमा को रेखांकित करने वाला यह ग्रन्थ निश्चित रूप से पुस्तक प्रेमियों और अध्येताओं के लिए अमूल्य धरोहर है।



‘राजतरंगिणी और कश्मीर नरेश’ नामक पुस्तक में डॉ. उमेश कुमार मिश्र ने इस मध्ययुगीन गौरव ग्रन्थ मे उल्लिखित कश्मीर के कतिपय प्रसिद्ध राजाओं तथा मन्त्रियों का चरित्र बहुत रोचक शैली में प्रस्तुत किया है।



चन्द्रालोक परिशीलन में विद्वान लेखिका डॉ.स्मिता अग्रवाल ने अनुष्टुप छन्द में काव्यशास्त्रीय सिद्धान्त पर लिखे गये ग्रन्थ ‘चन्द्रालोक’ का परिशीलन किया है। इसमें कुल दस ‘मयूख’ हैं। इस लक्षण ग्रन्थ का साहित्य शास्त्रीय मूल्यांकन शोधार्थियों और उच्चस्तरीय अध्येताओं के लिए दिग्दर्शक का कार्य करेगा।



नलविलास-परिशीलन में डॉ अरुण कुमार त्रिपाठी ने नल-दमयन्ती कथा के उद्भव को रेखांकित करते हुए इस कथानक पर आधारित ४१ ग्रन्थों का परिचय देते हुए इसमें से कुछ ग्रन्थों पर नाट्यशास्त्रीय विकास की दृष्टि से प्रकाश डाला है। ग्रन्थकार ने नाट्यदर्पण के प्रणेता जैनाचार्य श्री रामचन्द्र सूरि के विस्तृत परिचय के साथ उनके ग्रन्थ नलविलास नाटक पर विशेष ध्यान आकृष्ट किया है।



उपर्युक्त पुस्तकों के लोकार्पण के बाद गुरुवर्य के सम्मान में उनके अनेक शिष्यों ने अभिनन्दन करते हुए उनके प्रति श्रद्धा और आभार का भाव व्यक्त किया। सभा की अध्यक्षता करते हुए प्रो०गोविन्द चन्द्र पाण्डेय ने कहा कि प्रो०सुरेश चन्द्र पाण्डे बहुत स्पष्टवादी तथा सरल बात कहने वाले हैं। मैं समझता हूँ कि सही मनुष्य को पहचानने के लिए सबसे सरल तरीका है उसकी जीवन शैली को जानना। एक उत्कृष्ट व्यक्तित्व के लिए आवश्यक है कि उसकी बातें  खरी, तथा सीधी-सरल होनी चाहिए तथा आचार विचार सरल होना चाहिए। पाण्डे जी में ये दोनो बातें हैं इसलिए मेरे मन में उनके लिए बहुत आदर है।



मुख्य अतिथि प्रो०के०बी० पाण्डेय जी ने सभा को सम्बोधित करते हुए गुरू की तुलना माता से करते हुए कहा कि "माता को एक सत्पुत्र को जन्म देने और सत्पुरुष बनाने में कितना कष्ट होता है। प्रो०पाण्डे तो सैकड़ों सत्पुत्रों के सारस्वत जन्मदाता हैं और उनको सत्पुरुष बनाने में कितना कष्ट हुआ होगा इसका सहज अनुमान किया जा सकता है। अत: प्रो०पाण्डे तो अभिनन्दनीय हैं ही। मुख्य अतिथि ने बताया कि प्रो०पाण्डे पर गीता का श्लोक ‘अद्वेष्टा सर्वभूतानां’ को अक्षरश: चरितार्थ है।



कार्यक्रम का संचालन डॉ आनन्द कुमार श्रीवास्तव ने किया तथा कार्यक्रम के अन्त में एकेडेमी के कोषाध्यक्ष श्री सिद्धार्थ शंकर त्रिपाठी ने उपस्थित विद्वानों, अतिथियों, दर्शकों, श्रोताओ, और मीडिया के लोगों को एकेडेमी की ओर से धन्यवाद ज्ञापित किया।



(प्रस्तुति: सिद्धार्थ शंकर त्रिपाठी)

मंगलवार, 4 अगस्त 2009

कवि गोष्ठी सम्पन्न

इलाहाबाद ३ अगस्त, २००९। हिन्दुस्तानी एकेडेमी, इलाहाबाद के तत्वावधान में आज राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त जी की जयन्ती को कवि-दिवस के रूप में मनाया गया। इस उपलक्ष्य में हिन्दुस्तानी एकेडेमी के सभागार में एक काव्य-गोष्ठी का आयोजन किया गया। Image000 गोष्ठी का शुभारम्भ एकेडेमी के सचिव डा० एस०के० पाण्डेय जी ने अपने स्वागत भाषण से किया। इस काव्य-गोष्ठी की अध्यक्षता श्री बुद्धिसेन शर्मा जी ने एवं संचालन श्री सुधांशु उपाध्याय जी ने किया। काव्य-गोष्ठी में श्री श्लेष गौतम, श्रीमती लक्ष्मी मिश्रा, श्री राजेश वर्मा, श्री गिरिजेश श्रीवास्तव ‘बन्धु’, श्री अमिताभ त्रिपाठी, श्री शैलेन्द्र श्रीवास्तव ‘मधुर’, श्री विवेक सत्यांशु, श्री जयप्रकाश शर्मा ‘प्रकाश’, डा० विजयानन्द, श्री अमरनाथ श्रीवास्तव, श्री यश मालवीय, ख्वाजा जावेद अख्तर, श्री हरिशंकर द्विवेदी एवं कु० मीनूरानी दुबे ने अपने काव्यपाठ से श्रोताओं को मन्त्रमुग्ध किया। कार्यक्रम के अन्त में एकेडेमी के कोषाध्यक्ष श्री सिद्धार्थ शंकर त्रिपाठी जी ने धन्यवाद ज्ञापित करके कार्यक्रम का समापन किया।

 

(डॉ०एस०के०पाण्डेय)
सचिव,
हिन्दुस्तानी एकेडेमी, इलाहाबाद

सोमवार, 13 जुलाई 2009

पुस्तक चर्चा: चन्द्रालोक परिशीलन

 

ChandraLokParishilan

   चन्द्रालोक परिशीलन
लेखिका: डॉ० स्मिता अग्रवाल
मूल्य : २५० रुपये , पृष्ठ ३४० सजिल्द


 

प्रकाशन वर्ष २००९ 

 

 

‘चन्द्रालोक’ कोई साधारण ग्रन्थ नहीं है। दस मयूखों में विभक्त यह ग्रन्थ स्वयं में अनेक काव्यशास्त्रीय आचार्यों के सिद्धान्तों के मनन-चिन्तन पूर्वक निकाला गया नवनीत है। चन्द्रालोक की शैली नवीन एवं सूत्रात्मक है, जिसके कारण कहीं-कहीं पर आचार्य अपने सिद्धान्तों को स्पष्ट करने में असमर्थ हैं। अत: उनके ज्ञान हेतु पूर्ववर्ती एवं कतिपय पश्चाद्वर्ती आचार्यों के ग्रन्थों का अवलम्बन आवश्यक है।
आचार्य जयदेव संस्कृत काव्यशास्त्रीय आचार्यों के मध्य तक एक विशिष्ट स्थान रखते हैं। जयदेव न केवल आलंकारिक हैं, अपितु ध्वनिवादी आचार्य भी हैं। जयदेव की दोनों कृतियॉं चन्द्रालोक तथा प्रसन्नराघव नाटक उनकी अद्भुत कविप्रतिभा एवं विलक्षणता को प्रकट करती है। चन्द्रालोक काव्यशास्त्र का ग्रन्थ है, तो प्रसन्नराघव नाट्यविद्या का ग्रन्थ। जयदेव कवि होने के साथ सहृदय एवं तार्किक भी हैं। उन्होंने न केवल अपने पूर्ववर्ती आचार्यों की परम्परा को आगे बढ़ाया, अपितु संस्कृत-साहित्य को ‘चन्द्रालोक’ के रूप में अनूठी, गूढ़, सैद्धान्तिक कृति प्रदान की।
चन्द्रालोक में काव्यस्वरूप से सम्बद्ध प्रत्येक मयूख नवीन सिद्धान्त को प्रतिपादित करता है। मम्मट के उत्तराधिकारी के रूप में यदि आचार्य जयदेव की कल्पना की जाए तो कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी। जयदेव ने अपने ग्रन्थ का आधार मम्मट द्वारा प्रणीत काव्यप्रकाश को ही बनाया है। आचार्य अप्पयदीक्षित जो आचार्य जयदेव के अलंकार प्रसंग से अत्यन्त प्रभावित थे तथा चन्द्रालोक के पंचम मयूख को ही आधार बनाकर उन्होंने सम्पूर्ण ग्रन्थ ‘कुवलयानन्द’ की रचना की - उन्हें ग्रहण करने का यथेष्ट प्रयास ग्रन्थ में किया गया है। (

डॉ.एस.के.पाण्डेय)

बुधवार, 10 जून 2009

पुस्तक चर्चा: भारतीय ज्योतिष में प्रयाग

प्रयाग अनादिकाल से तीर्थराज की पदवी से विभूषित रहा है। यह ऋषियों, मुनियों, सन्तों एवं साधकों की पावन तपस्थली एवं साधनास्थली रही है। इसका ऐतिहासिक, आध्यात्मिक, सांस्कृतिक, धार्मिक एवं पौराणिक महत्व रहा है। न केवल यहॉं भगवती गंगा, यमुना और सरस्वती का दिव्य संगम है, प्रत्युत यहॉं वेदत्रयी का भी संगम है। इसकी अभिपुष्टि दक्ष प्रजापति के दशाश्वमेध यज्ञ से होती है। यहीं पर ब्रह्मा ने भी अनेक यज्ञों को सम्पादित किया था। वेद भगवान् की प्रवृत्ति यज्ञ है। यज्ञ कालाश्रयी हैं तथा कालज्ञ ही ज्योतिर्विद है। अतएव महात्मा लगध ने आर्च एवं याजुष ज्योतिष में कहा है - जो सम्यक रूप से ज्योतिषशास्त्र को जानता है वह यथार्थ में यज्ञ को जानता है।

भारतीय ज्योतिष में प्रयाग

प्रकाशक: हिन्दुस्तानी एकेडेमी
मूल्य: २२५ दो सौ पचीस रूपये मात्र
पृष्ठ: ३६०

   

 

 

 

भारतीय ज्योतिष में प्रयाग का योगदान स्वत: सिद्ध है। उसको अपनी लेखनी द्वारा जनसामान्य के समक्ष उपस्थापित करने का प्रशंसनीय प्रयास प्रस्तुत ग्रन्थ में विद्वान लेखक एवं ज्योतिर्विद डॉ० गिरिजा शंकर शास्त्री द्वारा किया गया है। भारतीय ज्योतिषशास्त्र के जिज्ञासुओं एवं अध्येताओं के लिए यह ग्रन्थ वस्तुत: रत्नप्रदीप है तथा संग्रहणीय भी।
डॉ० एस०के० पाण्डेय
सचिव
हिन्दुस्तानी एकेडेमी

रविवार, 7 जून 2009

पुस्तक चर्चा- हरि चरित: एक दुर्लभ धरोहर का प्रकाशन

हरि चरित्र अवधी भाषा का श्रीकृष्ण सम्बन्धी काव्य है। परम वैष्णव लालचदास कृत इस ग्रन्थ का रचनाकाल संवत् १५८७ बताया जाता है। हरि चरित्र में हरि गुनगान है- श्रीकृष्ण की अनेक लीलाओं का मनोहर वर्णन है जो श्रीमद्भागवत महापुराण के दशम स्कन्ध में पाई जाती हैं। हरि चरित्र इसलिए अपर नाम भागवत भाषा है। हरि चरित्र को एक पूरक कृतित्व कहा जाता है। रायबरेली उ०प्र० निवासी लालचदास ने अपने जीवन काल में इसके ४५ अध्यायों को ही लिखा था। उनके स्वर्गवास के पश्चात् उनके शिष्य आसानन्द ने पर्याप्त अन्तराल में इसे ९० अध्यायों में पूरा किया।

हरिचरित का मुखपृष्ठ

मूल्य ३७५ तीन सौ पचहत्तर रुपये मात्र
पृष्ठ ६५८ सजिल्द


हरि चरित्र में दोहा-चौपाई छन्द का प्रयोग हुआ है। यह काव्यग्रन्थ, रस, छन्द, अलंकार आदि काव्य सौष्ठवों से परिपूर्ण है। भाव व भाषा गाम्भीर्य के साथ भाषा में प्रवाह व सरसता है। इस भक्तिकाव्य को संकलित व सम्पादित करने का महान कार्य विज्ञान परिषद के प्रधानमंत्री प्रो० शिवगोपाल मिश्र ने किया है। ऐसे विलक्षण व महत्वपूर्ण अवधी भाषा के काव्य को सम्पादित कर प्रो० शिवगोपाल मिश्र ने मॉं सरस्वती के कोश में अभिवृद्धि की है।

हिन्दुस्तानी एकेडेमी को ऐसी महनीय कृति प्रकाशित करते हुए न केवल अतिशय प्रसन्नता हो रही है अपितु गर्व की अनुभूति भी हो रही है। मुझे विश्वास है कि हरि चरित्र एकेडेमी के महत्वपूर्ण प्रकाशनों में अपना स्थान बनाएगा। आधुनिक हिन्दी के साथ-साथ अवधी, भोजपुरी व ब्रजभाषा के विद्वानों द्वारा भी यह ग्रन्थ समादृत होगा ऐसा मेरा अन्तर्मन कह रहा है। अस्तु।
रंग पंचमी, चैत्र कृष्ण
संवत् २०६५
डॉ० एस०के० पाण्डेय
सचिव
हिन्दुस्तानी एकेडेमी

शनिवार, 20 सितंबर 2008

प्रयाग में ऐतिहासिक हिन्दी संस्थाएं भाग - २

प्रयाग की हिन्दी संस्थाओं हिन्दी साहित्य सम्मेलन व हिन्दुस्तानी एकेडेमी तथा हिन्दी के मूर्धन्य विद्वानों एवं लेखकों ने हिन्दी को समृद्ध, समुन्नत व लोकप्रिय बनाने में महती भूमिका निभाई है। पिछली पोस्ट में आपने ‘हिन्दुस्तानी एकेडेमी ’के बारे में जाना। आज प्रस्तुत है हिन्दी साहित्य सम्मेलन का संक्षिप्त परिचय:

२. हिन्दी साहित्य सम्मेलन

हिन्दी की उन्नति व प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से नागरी प्रचारिणी सभा के तत्त्वावधान में हिन्दी साहित्य सम्मेलन की स्थापना 1 मई, 1910 ई0 (संवत् 1967) को काशी में हुई थी।प्रयाग में पहले इसका कार्यालय अहियापुर (वर्तमान मालवीय नगर) में था। महामना पं0 मदनमोहन मालवीय जी के सभापतित्व में इसका प्रथम सम्मेलन 10 अक्टूबर 1910 को काशी में हुआ। इस अधिवेशन में राजर्षि पुरूषोत्तम दास टण्डन हिन्दी साहित्य सम्मेलन के प्रथम मन्त्री बनाए गए।

हिन्दी साहित्य सम्मेलन के संस्थापक सदस्यों में पं. मदन मोहन मालवीय, राजर्षि पुरूषोत्तम दास टण्डन, पं. गोविन्द नारायण मिश्र, डा. राजेन्द्र प्रसाद, पं. राम नारायण मिश्र, पं. जगन्नाथ प्रसाद चतुर्वेदी, आचार्य रामचन्द्र शुक्ल, शिवप्रसाद गुप्त व पं. सुधाकर द्विवेदी प्रमुख थे।

हिन्दी साहित्य सम्मेलन के मुख्य उद्देश्य इस प्रकार निरूपित किए गए -

1. हिन्दी के सर्वांगीण उन्नति का प्रयास करना।

2. देवनागरी लिपि का देश भर में प्रचार-प्रसार करना।

3. हिन्दी को राष्ट्रभाषा के रूप में प्रतिष्ठित करना।

4. हिन्दी को सुगम, सरल व लोकप्रिय बनाना।

5. हिन्दी साहित्य के विद्वानों को समर्थ व योग्य बनाना।

6. हिन्दी की उच्चस्तरीय परीक्षाओं का आयोजन करना।

प्रयाग में 1911 में हिन्दी साहित्य सम्मेलन का द्वितीय अधिवेशन सम्पन्न हुआ। इसके सभापति थे पं. गोविन्द नारायण मिश्र। इनके अतिरिक्त अब तक जिन लब्धप्रतिष्ठ हिन्दी विद्वानों को सम्मेलन के अधिवेशनों में सभापति बनने का गौरव प्राप्त हुआ है उनमें उल्लेखनीय नाम इस प्रकार हैं:-

बाबू श्याम सुन्दर दास, महामहोपाध्याय पं. रामावतार शर्मा, मोहनदास करमचन्द गांधी, डा. भगवानदास, राजर्षि पुरूषोत्तमदास टण्डन, पं. अयोध्या सिंह उपाध्याय ‘हरिऔध’, पं. जगन्नाथ प्रसाद चतुर्वेदी, पं. गौरीशंकर हीराचन्द्र ओझा, श्री गणेश शंकर विद्यार्थी, बाबू जगन्नाथदास रत्नाकर, डा. राजेन्द्र प्रसाद, पं. बाबूराव विष्णु पराड़कर, पं. अम्बिका प्रसाद बाजपेयी, डा. सम्पूर्णानन्द, डा. अमरनाथ झा, पं. माखन लाल चतुर्वेदी, श्री के.एम. मुंशी, श्री वियोगी हरि, महापण्डित राहुल सांकृत्यायन, आचार्य चन्द्रबली पाण्डेय, श्री जयचन्द्र विद्यालंकार आदि।

सम्मेलन ने सन् 1918 में हिन्दी विद्यापीठ की स्थापना की। टण्डन जी इसके प्रथम प्रधानाचार्य थे। इसमें प्रथमा, मध्यमा(विशारद) और उत्तमा (साहित्य रत्न) की उपाधि प्रदान की जाती थी। वर्तमान में यह विद्यापीठ इण्टर मीडिएट कालेज के रूप में परिवर्तित हो गया है। अब यह यमुना नदी के उस पार महेवा ग्राम में लगभग 55 एकड़ भूमि पर स्थित है। उपरोक्त परीक्षा उपाधियों के अतिरिक्त वर्तमान समय में सम्मेलन संगीत विशारद, संगीत मार्तण्ड, आयुर्वेद रत्न, आयुर्वेद विशारद, विज्ञान रत्न आदि उपाधियों के लिए परीक्षाओं का संचालन करता है।

सम्मेलन में स्थापित हिन्दी संग्रहालय का उद्‍घाटन 1936 में महात्मा गांधी ने किया था। इस संग्रहालय में लगभग 69,000 पुस्तकें हैं। साथ ही साथ हजारों बहुमूल्य व दुर्लभ हस्तलिखित पाण्डुलिपियाँ भी सुरक्षित हैं। हिन्दी संग्रहालय में एक पुस्तकालय भी है जिसमें लगभग 17,000 पुस्तकें हैं। इस पुस्तकालय में शोधार्थियों को पढ़ने की विशेष सुविधा है।

सम्मेलन का अपना मुद्रणालय भी है। जिसमें हिन्दी व संस्कृत की सैकड़ों पुस्तकें मुद्रित हो चुकी हैं। मुद्रणालय से मुद्रित प्रमुख पुस्तकों में मानक हिन्दी कोश, मानक अंग्रेजी-हिन्दी कोश, तेलगू-हिन्दी शब्दकोश, कन्नड़-हिन्दी शब्दकोश, मत्स्य पुराण, ब्रह्मपुराण, वायुपुराण, अग्निपुराण, बृहन्नारदीय पुराण, ब्रह्मवैवर्तपुराण, सूरपद पंचशती, बिहारी वैभव, मानस में रीति तत्त्व, श्लेष अलंकार सिद्धान्त एवं प्रयोग, सनेही रचनावली, आचार्य सायण और माधव, आधुनिक कविमाला भाग-1 से भाग-23 तक, ब्रजमाधुरीसार, कबीर संग्रह, प्रेमधन सर्वस्व, हिन्दी विधि शब्दावली, पालि साहित्य का इतिहास, हिन्दी आन्दोलन जातक भाग-1 से भाग 6 तक, आयुर्वेद का इतिहास उल्लेखनीय है।

वर्तमान में सम्मेलन भवन जहाँ पर स्थित है उसकी भूमि 1920 ई. में नगर महापालिका से प्राप्त हुई। इस स्थान पर सम्मेलन का कार्यालय 1923 से प्रारम्भ हुआ।

सम्मेलन द्वारा हिन्दी भाषा व साहित्य के प्रचार प्रसार व हिन्दी में शोध कार्य को बढ़ावा देने की दृष्टि से ‘राष्ट्र-भाषा सन्देश’ पाक्षिक पत्र का प्रकाशन किया जाता है। जबकि त्रैमासिक शोध पत्रिका के रूप में ‘सम्मेलन पत्रिका’ का प्रकाशन 1913 से ही किया जा रहा है। सम्मेलन पत्रिका के आदि सम्पादक गिरिजा कुमार घोष थे। हिन्दी साहित्य सम्मेलन द्वारा विगत 34 वर्षों से सम्मेलन दैनन्दिनी का प्रकाशन किया जा रहा है। दैनन्दिनी के प्रथम पृष्ठ पर भारतेन्दु हरिश्चन्द्र का यह दोहा अंकित रहता है-

निज भाषा उन्नति अहै, सब उन्नति को मूल।

बिन निज भाषा ज्ञान के, मिटत न हिय को शूल।।

सम्मेलन द्वारा विद्वानों को मानद उपाधि से अलंकृत भी किया जाता है। जैसे: साहित्य वाचस्पति, विधि वाचस्पति, साहित्य महोपाध्याय, संस्कृत महोपाध्याय।

साहित्य वाचस्पति उपाधि से सम्मानित कुछ विद्वानों के नाम इस प्रकार हैं - श्री पदुम लाल पुन्नालाल बक्शी, श्री सुमित्रानन्दन पन्त, श्री हजारी प्रसाद द्विवेदी, श्री वृन्दावनलाल वर्मा, आचार्य विनोवा भावे, आचार्य काकाकालेकर, पं. श्री नारायण चतुर्वेदी, डॉ. धीरेन्द्र वर्मा, श्री जैनेन्द्र कुमार, डॉ. नगेन्द्र, श्री अमृतलाल नागर आदि।

सम्मेलन की ओर से विधि वाचस्पति की उपाधि श्री लक्ष्मीमल सिंधवी, साहित्य महोपाध्याय की उपाधि डा0 विश्वनाथ मिश्र, श्री कवि वैरागी, संस्कृत महोपाध्याय की मानद उपाधि डा0 चंद्रिका प्रसाद शुक्ल, डॉ. सुरेश चन्द्र पाण्डेय, पं. तारिणीश झा, पं. रेवा प्रसाद द्विवेदी आदि को दिया गया है।

हिन्दी साहित्य सम्मेलन के कार्यालय का संघटन इस प्रकार है :-

1. प्रबन्ध विभाग 2. प्रचार विभाग 3. परीक्षा विभाग

4. साहित्य विभाग 5. बिक्री विभाग 6. अर्थ विभाग

हिन्दी साहित्य सम्मेलन द्वारा प्रतिवर्ष हिन्दी में सर्वोत्तम रचना के लिए मंगला प्रसाद पारितोषिक भी दिया जाता है। मंगला प्रसाद पारितोषिक प्राप्त लेखकोंमें मुख्य हैं:-

श्री पद्‍म सिंह शर्मा, प्रो. सत्यकेतु, डॉ. गोरखप्रसाद, श्री जयशंकर प्रसाद, रामचन्द्र शुक्ल, वासुदेव उपाध्याय, श्रीमती महादेवी वर्मा, आचार्य बलदेव उपाध्याय, डॉ.वासुदेवशरण अग्रवाल, श्री यशपाल, श्री नरेश मेहता, डॉ. गोविन्द चन्द्र पाण्डेय, डॉ. विद्यानिवास मिश्र आदि।

हिन्दी साहित्य सम्मेलन ने दक्षिण भारत में हिन्दी के प्रचार-प्रसार व उन्नयन में उल्लेखनीय योगदान किया है। इसी क्रम में सम्मेलन के अनेक अधिवेशन दक्षिण भारत के महानगरों में आयोजित किए गए। जैसे 1937 में मद्रास, 1949, 1977 व 2005 में हैदराबाद, 1997 में तिरूपति, 2000 में बैंगलोर, 2001 में गोवा, 2002 में तिरूवनन्तपुरम‍‌। इससे एकओर जहाँ दक्षिण भारत में हिन्दी को फूलने-फलने का अवसर मिला है वहीं राष्ट्रीय एकता और अखण्डता को सुदृढ़ करने वाली कड़ी के रूप में भी हिन्दी सुस्थापित हुई है।

इसी प्रकार हिन्दीतर क्षेत्रों के हिन्दी विद्वानों को सम्मानित कर के भी सम्मेलन ने हिन्दी को सर्वमान्यता, व्यापकता व स्वीकार्यता प्रदान करने का कार्य किया है। ऐसे विद्वानों में प्रमुख हैं:-

श्री जार्ज अब्राहम ग्रियर्सन, श्री मोट्‍टरि सत्यनारायण, श्री जी. सुन्दर रेड्डी, डॉ. कर्णराज शेष गिरिराव, डॉ. एम. शेषन, डॉ. एम. के. वेलायुधन नायर, डॉ. श्रीमती राधाकृष्णमूर्ति, श्री त्रिलोचन पाणिग्रही, श्री अर्जुन सत्पथी, श्री कृ.पा. पाटील, प्रो. आर. जनार्दनन पिल्लै, डॉ. वी0पी0 मुहम्मद कुजमेत्तर, डॉ. वी. गोविन्द शेनाय, प्रो. कण्ठमूर्ति आदि।

हिन्दी साहित्य सम्मेलन का इतिहास भारतीय स्वाधीनता के इतिहास का अभिन्न अंग रहा है। जन जागरण में भी इसकी प्रमुख भूमिका रही है। राजर्षि टण्डन जी इस संस्था के प्राण थे। जिस निस्पृहभाव से यावज्जीवन टण्डन जी ने हिन्दी व सम्मेलन कीसेवा की वह अकल्पनीय है। ऋषिकल्प टण्डन जी ने अपनी नैतिकता व सत्यनिष्ठा के तप के बल पर अहिन्दी भाषी लोगों को हिन्दी के पक्ष व समर्थन में खड़ा किया। सम्मेलन केपूर्व प्रधानमंत्री डॉ. प्रभात शास्त्री ने ठीक ही कहा था,

‘‘हिन्दी साहित्य सम्मेलन, प्रयाग भारत की ऐसी संस्था है जो अपनी व्यापकता और लोकप्रियता में कभी राष्ट्रीय कांग्रेस के बाद दूसरा स्थान रखती थी।’’

सम्मेलन ने अपना प्रेक्षागृह ‘‘राजर्षि टण्डन मण्डपम्‍’’ का भी निर्माण परिसर में ही किया है। 2008 में हिन्दी साहित्य सम्मेलन के सत्र सभापति डॉ. राममूर्ति त्रिपाठी व प्रधानमंत्री श्री विभूति मिश्र जी हैं।

(डा. एस.के. पाण्डेय)

सचिव-हिन्दुस्तानी एकेडेमी

एवं अपर जिलाधिकारी(वित्त एवं राजस्व)

इलाहाबाद



Related Posts with Thumbnails